जिले के सभी राशनकार्ड धारकों को अपने परिवार के हर सदस्य का आधार कार्ड दस अक्तूबर तक अनिवार्य रूप से लिंक कराना होगा। यदि ऐसा नहीं किया तो उसके बाद सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों से राशन मिलना बंद हो जाएगा। प्रदेश के मुख्य सचिव ने सभी जिलों के पूर्ति अधिकारियों को इस आशय के आदेश जारी कर दिए हैं।
पिथौरागढ़ जिले में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के कार्डों की संख्या 62066 है। इनमें 279677 यूनिट अंकित हैं। इसी तरह अंत्योदय योजना के राशन कार्डों की संख्या 11168 है और इनमें 44741 यूनिट दर्ज हैं। राज्य खाद्य सुरक्षा योजना में 51991 कार्डों में 189177 यूनिट हैं। अब राशन कार्ड में जितने लोगों के नाम दर्ज हैं।
उनका आधार नंबर पूर्ति विभाग में जमा कराना होगा। इसके अलावा जिस सदस्य के नाम पर राशन कार्ड है, उसके बैंक खाते का नंबर और आईएफएससी कोड भी देना होगा। जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार बर्मन ने बताया कि कार्डधारक अपनी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान में सभी सदस्यों का आधार नंबर जमा करा सकते हैं। दुकानदार इन नंबरों को पूर्ति कार्यालय में देगा और उनको कंप्यूटर में फीड कर दिया जाएगा। जो कार्डधारक यह प्रक्रिया दस अक्तूबर नहीं करा पाएगा उसे अगले महीने से राशन नहीं मिल पाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए तत्काल यह काम कर लें। सरकार के आदेशों के अनुपालन में यह काम तेजी से कराया जाएगा। सभी सस्ता गल्ला विक्रेताओं को इस संबंध में आदेश दिए गए हैं कि वह लोगों के आधार नंबर एकत्र कर लें।