मुनस्यारी में समाज कल्याण विभाग के शिविर में पहुंचे लोग
- फोटो : अमर उजाला
समाज कल्याण विभाग की ओर से शुक्रवार को लगाए गए शिविर में वृद्धावस्था पेंशन के 126 आवेदनों का आधारकार्ड लिंक किया गया। शिविर में बताया गया कि आधार लिंक न होने के कारण कई बुजुर्गों की पेंशन रुक रही है। सभी पेंशनधारकों से अपील की गई कि वह अपने पेंशन के कागजातों को आधार लिंक जरूर करा लें, ताकि किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
शिविर में वृद्धावस्था पेंशन के 10 नए आवेदनों की औपचारिकता पूरी की गई। विधवा पेंशन के पांच आवेदनों को आधार से लिंक किया गया। दिव्यांग पेंशन के दस आवेदन आधार लिंक हुए और छह नए आवेदनपत्र भरे गए। तीलू रौतेली पेंशन योजना के लिए तीन लोगों को आवेदन पत्र जमा किए गए। किसान पेंशन के 20 आवेदनों को आधार से लिंक किया गया। 15 दिव्यांगों को जांच के बाद प्रमाणपत्र दिए गए।
इस दौरान समाज कल्याण विभाग के प्रशासनिक अधिकारी लक्ष्मण मनोला, सहायक समाज कल्याण अधिकारी मोहन उपाध्याय, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. कैलाश बृजवाल, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक चनकन्याल, ईएनटी रोग विशेषज्ञ डॉ. आरसी पुनेड़ा, प्रताप बिष्ट, गणेश भाकुनी आदि मौजूद थे। शिविर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।