डीडीहाट (पिथौरागढ़)। वनराजि गांव मदनपुरी में 15 दिन बाद पानी की आपूर्ति सुचारु हो गई है। ग्राम पंचायत और जल संस्थान के प्रयासों से आपदा से टूटे पाइप जोड़कर पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई है।
22 जून को आई तेज बारिश से खेतार कन्याल के वनराजि गांव मदनपुरी की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। वनराजि बारिश का पानी को पीने को मजबूर हो गए थे। बरसाती धारे से दो किमी दूर से वनराजि पुरुष और महिलाएं पीने का पानी ढो रहीं थीं। ग्राम प्रधान महेश कन्याल ने इस संबंध में जल संस्थान और प्रशासन से वनराजि गांव में टूटी पेयजल योजना को अतिशीघ्र सही करने की मांग की थी। मामले में एसडीएम ने जल संस्थान को जल्द से जल्द पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। जल संस्थान के ईई अवधेश कुमार ने बताया कि वनराजि गांव में टूटी पेयजल योजना को वैकल्पिक रूप से सही कर दिया है। अब आपदा मद में इस योजना को पूर्ण रूप से सही करने की कार्रवाई विभाग करने जा रहा है।
पेयजल किल्लत से जूझ रही 15,000 की आबादी
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। मानसून काल शुरू होने के बाद भी बेड़ीनाग में पेयजल संकट बना है। लोगों को पांचवें या छठे दिन पानी मिल रहा है। पेयजल संकट से 15,000 की आबादी को परेशान है। लोग प्राकृतिक स्रोतों से पानी पीने को मजबूर हैं। जिन नलों में पानी आ रहा है वह भी गंदा है।
बेड़ीनाग नगर सहित आसपास के गांवों की 15,000 से अधिक की आबादी के लिए प्रतिदिन दो एमएलडी पानी की आवश्यकता है। जरूरत के हिसाब से मात्र 0.5 एमएलडी पानी ही मिल पा रहा है। लोगों को तीसरे दिन में मात्र 100 से 150 लीटर पानी मिल रहा है।
बेड़ीनाग गोरघटिया पंपिंग पेयजल योजना से इस समय मात्र 0.5 एमएलडी पानी मिल रहा है। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए 2.5 एमएलडी पानी की आवश्यकता है। मांग के अनुसार काफी कम पानी मिलने से समस्या बनी है। पेयजल समस्या का समाधान करने की कोशिश की जा रही है।
-महेश रौतेला, अवर अभियंता, जल संस्थान।