पिथौरागढ़। जिले के प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों के 504 पद लंबे समय से खाली हैं, जिससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो रही है। इसके बाद भी नियुक्ति के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। शिक्षकों के अभिभावकों ने सरकार से शीघ्र शिक्षकों के खाली पद भरने की मांग की है। उनका कहना है कि जब स्कूलों में द्रोणाचार्य रूपी शिक्षकों की नियुक्ति ही नहीं होगी तो बच्चे अर्जुन कैसे बन पाएंगे।
पिथौरागढ़ जिले के 1024 प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों के 2120 पद स्वीकृत हैं। इसके सापेक्ष सिर्फ 1616 शिक्षक ही कार्यरत हैं। विद्यालयों में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान के शिक्षकों के 504 पद खाली हैं। प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों के पद खाली होने से छात्र-छात्राओं को दिक्कत हो रही है। लोगों का कहना है कि शिक्षकों के पद खाली होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके बाद भी शिक्षकों की नियुक्ति के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। उक्रांद नेता कमल चंद का कहना है कि सरकार शिक्षा व्यवस्थाओं में सुधार करने के लिए तमाम दावे करती है लेकिन धरातल पर तस्वीर कुछ ही अलग है। उन्होंने कहा कि सरकार को विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को जल्द से जल्द पूरा करना चाहिए।
विद्यालयों में शिक्षकों के खाली पदों को भरने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। खाली पदों की सूचना निदेशालय स्तर पर लगातार भेजी जा रही है। - डीसी सती, डीईओ प्रारंभिक, पिथौरागढ़।
चंपावत के स्कूलों में भी शिक्षकों की कमी
चंपावत/लोहाघाट। चंपावत जिले में राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों के कई पद खाली होने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई काफी बाधित हो रही है। अभिभावकों की ओर से लगातार प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की खाली पदों को भरने की मांग की जाती रही है लेकिन शिक्षकों की कमी के चलते विद्यालयों में तैनाती न होने से छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। चंपावत जिले में 477 प्राथमिक विद्यालय है जिसमें प्रधानाध्यापक सहित 871 शिक्षक-शिक्षिकाओं की तैनाती है। लोहाघाट ब्लॉक में 104 प्राथमिक विद्यालयों में 185 शिक्षक, पाटी में 134 विद्यालयों में 222, बाराकोट में 69 विद्यालयों में 115, चंपावत में 170 विद्यालयों में 349 शिक्षक तैनात हैं।
गंगाली और नाकोट खोलिया में एक भी शिक्षक नहीं
चंपावत। बाराकोट ब्लॉक के गंगाली और लोहाघाट ब्लॉक के नाकोट खोलिया में एक भी शिक्षक तैनात नहीं है। डीईओ बेसिक चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि दूसरे विद्यालयों से शिक्षकों को व्यवस्था में भेजा गया है। दोनों विद्यालयों का संचालन सुचारु रूप से चल रहा है। चंपावत ब्लॉक में 29, पाटी में 45, बाराकोट में 24, लोहाघाट में 32 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में एक-एक शिक्षक ही तैनात हैं।