लोहाघाट (चंपावत)। विकास खंड लोहाघाट के सुंई पऊ क्षेत्र में तेंदुए का भय कम होने का नाम नहीं ले रहा है। गांव के भुट्टाक क्षेत्र में फिर से तेंदुआ दिखने से लोग दहशत में हैं। करीब चार दिन पूर्व वन विभाग ने आईटीबीपी के आवासीय परिसर से एक तेंदुए को ट्रैंकुलाइज कर पकड़ा था लेकिन वही आदमखोर है इसका पता नहीं चल सका है। लोगों ने तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि रविवार देर शाम भुट्टाक तोक में तेंदुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की आवाजाही हो रही है जिससे लोगों को काम निपटाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीते चार नवंबर को ग्राम पंचायत सुई-पऊ के डूंगरी तोक में तेंदुए ने हर्षित पुजारी को मौत के घाट उतार दिया था। करीब चार दिन पूर्व वन विभाग की टीम ने आईटीबीपी आवासीय परिसर से एक तेंदुए को ट्रैंकुलाइज कर पकड़ा था। इसके बावजूद क्षेत्र में और तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
रेंजर रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है साथ ही पिंजरे लगे हुए हैं। ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ ही सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है। उन्होंने लोगों से अकेले बाहर न निकलने और विशेष सावधानी बरतने को कहा है।