लोगों की भीड़ देख जंगल की ओर निकलता तेंदुआ
- फोटो : अमर उजाला
बाघ, तेंदुआ को देखने के लिए लोग अक्सर चिड़ियाघरों में जाते हैं। इन्हें खुले में देखने के शौकीन नेशनल पार्क की सैर करते हैं। वहां भी वनराज के दर्शन किस्मत से ही हो पाते हैं, लेकिन मंगलवार को बेड़ीनाग-गंगोलीहाट मार्ग पर जाड़ापानी के पास सुबह 9 बजे करीब आधे घंटे तक एक तेंदुआ आधे घंटे तक घूमता रहा। इसे कई लोगों ने देखा, इससे वहां दहशत भी फैल गई।
बीच सड़क पर तेंदुए को देखकर वहां वाहनों से गुजर रहे लोग दहशत में आ गए। लेकिन प्रकृति और वन्य जीवों के शौकीनों ने इस मौके का भरपूर फायदा उठाया। मुंबई से अपने गांव जाड़ापानी आए अनिल कोठारी ने इन पलों की फोटो अपने मोबाइल के कैमरे में कैद की। बाद में सड़क के दोनों किनारों पर वाहनों की लंबी कतार लगने से तेंदुआ जंगल की ओर चला गया। अनिल ने बताया कि इस इलाके में शाम को सूरज डूबने के बाद और सुबह उजाला होने तक अक्सर तेंदुओं की चहलकदमी दिखाई देती है।
तेंदुआ आबादी के पास पालतू जानवरों के शिकार की टोह लेने आता है, लेकिन दिन में तेंदुआ कम ही दिखाई देता है। वन क्षेत्राधिकारी एनपी ग्वासीकोटी ने बताया कि तेंदुए का जंगल और जंगल से लगी सड़क पर घूमना सामान्य बात है। उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर यह इंसानों पर हमला नहीं करता है।