सेरा, खड़कोट के मध्य में स्थित देवपुरी मोहल्ले से लगातार चार तेंदुओं को पकड़े जाने के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है। मंगलवार रात एक बार यह अफवाह फैली कि मोहल्ले में फिर से तेंदुआ आ गया है। लोग इतने भयभीत हैं कि अब थोड़ी सी आहट में भी तेंदुए के होने का अंदेशा जताने लगे हैं। इधर, लोगों का कहना है कि चंडाक रोड में तेंदुए नजर आ रहे हैं। तेंदुओं के भय से लोगों ने तड़के घूमने जाना बंद कर दिया है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लोगों को कुछ समय तक सतर्कता बरतनी होगी क्योंकि तेंदुए मूत्र की गंध सूंघकर फिर से उसी स्थान पर आ जाते हैं। वन रेंजर दिनेश चंद्र जोशी ने कहा कि विभाग पूरी तरह अलर्ट है और लोगों से भी अपील की गई है कि यदि तेंदुआ नजर आता है तो तत्काल सूचित करें। इधर, लोगों का कहना है कि वन विभाग ने पकड़े गए तेंदुओं को आसपास के जंगलों में छोड़ रखा है। पकड़े जाने के बाद तेंदुए सीधे चिड़ियाघर भेजे जाने चाहिए थे। जंगल से यह तेंदुए किसी भी समय आबादी में घुस सकते हैं।