पिथौरागढ़ के कुमौड़ में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुए का शावक।
- फोटो : स्रोत: जागरूक पाठक
पिथौरागढ़ के जिला मुख्यालय के कुमौड़ गांव में तेंदुए का शावक पिंजरे में कैद हुआ है। तेंदुआ देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े। अभी भी क्षेत्र में दो तेंदुओं की सक्रियता बनी हुई है। उन्हें पकड़ने के लिए भी पिंजरा लगा दिया गया है।
कुमौड़ क्षेत्र में तेंदुओं की धमक को देखते हुए वन विभाग की ओर से पूर्व में गांव के पुराने कोर्ट की जगह पर पिंजरा लगाया गया था। तीन अगस्त की शाम मादा तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गई। चार अगस्त को वन विभाग ने तेंदुए को करीब 50 किलोमीटर दूर रिजर्व वन क्षेत्र में छोड़ा था। इसके बाद वन विभाग ने कुमौड़ गांव में नौले के पास पिंजरा लगाया। इसमें मंगलवार की सुबह 8.15 बजे तेंदुए का शावक कैद हो गया। पिंजरे में तेंदुआ फंसने की जानकारी मिलते ही सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। वन क्षेत्राधिकारी दिनेश चंद्र जोशी ने बताया कि तेंदुए की उम्र 12 से 15 माह के करीब है। उन्होंने बताया कि इसे भी रिजर्व वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। बताया जा रहा है कि अभी नर तेंदुआ तथा एक और शावक की सक्रियता क्षेत्र में बनी हुई है। इन्हें पकड़ने के लिए विभाग ने पिंजरा लगा दिया है। उधर जाखनी क्षेत्र में भी एक तेंदुआ सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिया है। फिलहाल एक और तेंदुआ पकड़े जाने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग की टीम में नरेंद्र राम, कैलाश ग्वासीकोटी, गिरीश जोशी, गणेश चिराल, मनोज पिलख्वाल, महेंद्र कार्की, मनोज ज्याला आदि शामिल रहे।