लोहाघाट (चंपावत)। छमनिया स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक के छात्रावास परिसर में तेंदुए की लगातार आवाजाही से छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों में भय है। बीते रविवार की रात करीब 8:30 बजे जब छात्र-छात्राएं मेस में भोजन के बाद अपने कमरों की ओर लौट रहे थे तभी पुरुष छात्रावास की दूसरी मंजिल से छात्राओं ने परिसर में घूमते हुए तेंदुए को देखा।
तेंदुए को देखकर छात्राओं में खलबली मच गई। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना छात्रावास के वार्डन मयंक बिष्ट को दी। वार्डन ने तत्परता दिखाते हुए पटाखे फोड़े, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की तरफ भाग निकला हालांकि इस घटना से विद्यार्थियों में भय बना हुआ है विशेषकर शाम और रात के समय परिसर में आने-जाने वाले छात्र बेहद डरे हुए हैं।
क्षेत्रवासियों और विद्यार्थियों ने वन विभाग से छात्रावास के आसपास नियमित गश्त बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए तुरंत पिंजरा लगवाने की पुरजोर मांग की है। वहीं एसडीओ सुनील कुमार ने बताया कि विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। वन क्षेत्राधिकारी आरसी जोशी ने सभी से सतर्क रहने की अपील करते हुए तेंदुआ दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना देने को कहा है।