लोहाघाट (चंपावत)। ब्लॉक की ग्राम पंचायत डोबाभागू में तेंदुए की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत है। क्षेत्र में लगातार बढ़ती आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर विशेष जागरूकता अभियान चलाया और लोगों को सतर्क रहने की अपील की।
वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को तेंदुए से बचाव के आवश्यक उपाय बताए। वनकर्मी प्रकाश नाथ गोस्वामी ने ग्रामीणों से अकेले सुनसान रास्तों पर न जाने, सुबह-शाम के समय विशेष सावधानी बरतने और बच्चों को अकेला न भेजने को कहा। साथ ही घरों के आसपास झाड़ियां साफ रखने की अपील की। विनोद कुमार और दीपक कुमार सहित कई ग्रामीणों ने क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।
तेंदुए की दस्तक के बाद से गांव में डर का माहौल बना हुआ है। तेंदुए की आवाजाही के कारण ग्रामीणों को काफी सतर्क रहना पड़ रहा है। सबसे अधिक चिंता बुजुर्गों और बच्चों की रहती है। -माधोराम, ग्रामीण, डोबाभागू
क्षेत्र में लगातार तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। तेंदुआ कब और किस रास्ते से गांव के आसपास पहुंच जाए, इसे लेकर हमेशा चिंता बनी रहती है। लोग शाम के बाद अकेले बाहर निकलने से बच रहे हैं।
-जगदीश तिवारी, ग्रामीण, डोबाभागू
तेंदुआ दिखने पर उसे उकसाएं नहीं, सुरक्षित स्थान पर जाकर तुरंत विभाग को सूचना दें ताकि समय पर उचित कदम उठाए जा सकें।
-नंद किशोर पंत, रेंजर, काली कुमाऊं रेंज