गणाईगंगोली में रुकी नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश का स्वागत करते कांग्रेसी
- फोटो : अमर उजाला
नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने पांखू के कोटगाड़ी (कोकिला) मंदिर जाते समय गणाईगंगोली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की। पाखूं क्षेत्र के दशौली गांव में नेता प्रतिपक्ष का मायका है। मां कोटगाड़ी उनके मायके की ईष्ट देवी हैं। मंत्री ने कोटगाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। माना जा रहा है कि विषम परिस्थिति में मिली जीत के लिए नेता प्रतिपक्ष मां कोकिला के दरबार में मत्था टेकने पहुंची थीं।
मंदिर जाते समय गणाईगंगोली में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जनहित के मुद्दों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मुखरता सामने आती रहनी चाहिए। कार्यकर्ताओं को निकाय, पंचायत और वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अभी से जुटना होगा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस विधानसभा में मुखर विपक्ष की भूमिका में दिखेगी।
जनहित के मुद्दों की अवहेलना नहीं होने दी जाएगी। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष का फूल माला पहनाकर स्वागत किया। स्वागत करने वालों में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अशोक बोरा, गोविंद भारती, चंदन बाणी, आनंद बोरा, ललित उपाध्याय, धीरेंद्र उपाध्याय आदि शामिल थे।