बनबसा (चंपावत)। चंपावत एसओजी सर्विलांस में तैनात बनबसा भजनपुर निवासी कांस्टेबल गिरीश भट्ट (40) पुत्र स्व. जय दत्त भट्ट के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। शनिवार को पुलिस के जवानों ने दिवंगत पुलिसकर्मी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ शारदा तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। जानकारी के मुताबिक, दिवंगत पुलिसकर्मी शुक्रवार शाम जिम में व्यायाम करते समय अचानक गिर पड़े थे। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिवंगत पुलिस जवान के अंतिम संस्कार में एसपी रेखा यादव, यूएस नगर के एसपी अजय गणपति, सीओ निहारिका सेमवाल, टनकपुर कोतवाल चेतन रावत, बनबसा थानाध्यक्ष सुरेंद्र कोरंगा, लक्ष्मण सिंह जगवाण, गणेश बिष्ट, गोविंद टम्टा, बड़े भाई एसआईओ पितांबर भट्ट आदि मौजूद थे।