लोहाघाट (चंपावत)। खेतीखान क्षेत्र के गोशनी गांव में पिछले करीब तीन महीनों से लंगूरों की आवक से ग्रामीण और किसान परेशान हैं। लंगूरों के झुंड लगातार खेतों में घुसकर फसलों और फलदार पौधों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से लंगूरों से निजात दिलाने और किसानों को मुआवजा देने की मांग उठाई।
क्षेत्र के राजू ओली, नरेश ओली, बसंत ओली, सतीश ओली, सोमप्रकाश ओली, नवीन चतुर्वेदी, दीपक ओली, जगदीश गहतोड़ी, कीर्ति चंद्र, संदीप कलखुड़िया, बची देवी, पुष्पा देवी, देवकी देवी, आशा डुंगरिया, आशा देवी, कमला, जानकी देवी, गिरीश पांडे, मोहन पांडे और प्रकाश पांडेय सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि लंगूरों के झुंड ने फल-फूल और राजमा की फसल को नुकसान पहुंचाया। वहीं अब मंडुवा, खीरा, सोयाबीन, मक्का, गहत, अखरोट और माल्टा समेत अन्य फसलों, फलों को भी लंगूर बर्बाद कर रहे हैं। लंगूर भटगांव, कर्नाटक गांव, ओली गांव पार गोशनी, पनखोला और सुनारगांव में झुंड बनाकर आ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि लंगूर अब छोटे, बच्चों और महिलाओं को भी काटने के लिए दौड़ रहे हैं। उन्होंने समय रहते लंगूरों से निजात दिलाने की मांग उठाई है।