सोबला-ढाकर सड़क पर पंगबाबे के पास भूस्खलन का दृश्य। स्रोत : ग्रामीण
धारचूला (पिथौरागढ़)। चीन सीमा को जोड़ने वाली दारमा घाटी के पंगबाबे में अचानक पहाड़ी से हुए भारी भूस्खलन से सड़क शुक्रवार शाम बंद हो गई। बीआरओ के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बोल्डर और मलबा हटाकर सड़क को 24 घंटे बाद आवाजाही के लिए सुचारु किया।
पंगबाबे के पास पहाड़ी दरकने से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर गिर गए। घटना के समय सड़क पर आवाजाही नहीं होने से कोई नुकसान नहीं हुआ है। बता दें कि शीतकाल के चलते घाटी के 14 गांवों के ग्रामीण निचली जगहों पर लौट आए हैं। भूस्खलन की सूचना मिलने पर बीआरओ के 67 आरसीसी ग्रिफ के अधिकारी और कर्मचारियों ने जेसीबी मशीन की मदद से सोबला-ढाकर मोटर मार्ग पर यातायात सुचारू कराया। संवाद