बंगापानी तहसील के अंतर्गत मदरमा गांव में शनिवार की रात करीब 9.30 बजे भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन ने दो मकानों को चपेट में ले लिया। इस घटना में तीन लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई। एक बालिका समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तहसील प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम को घटना की जानकारी मिल गई है, लेकिन ये गांव सड़क मार्ग से पांच किलोमीटर दूर होने के कारण खबर लिखे जाने तक टीम मौके पर नहीं पहुंच पाई है। धारचूला के विधायक हरीश धामी ने घटना की जानकारी जिलाधिकारी और तहसील प्रशासन को दी।
यहां मिली सूचना में कहा गया है कि मदरमा गांव में शेर सिंह और भवान सिंह के मकान के ठीक पीछे की पहाड़ी बारिश के दौरान दरक गई। पहाड़ी के मलबे ने दोनों मकानों को चपेट में ले लिया। इस घटना में शेर सिंह (40) पुत्र राम सिंह और उनकी पत्नी राधा देवी (35) और शेर सिंह की भतीजी सोनू (15) पुत्री भवान सिंह की मौत हो गई।
भवान की ही बेटी रेखा (8) और एक अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने आशंका जताई है कि कुछ और लोगों के साथ ही जानवर भी मलबे में दबे हो सकते हैं। प्रभारी जिलाधिकारी आशीष चौहान के आदेश पर एसडीआरएफ की टीम मौके को रवाना हो गई है। बंगापानी तहसील से भी राजस्व कर्मियों की टीम मदरमा गांव के लिए निकल गई है। फिलहाल गांव के लोग खुद ही राहत व बचाव कार्य में लगे हैं।