लंबे समय से शिक्षकों की कमी से जूझ रहे जीआईसी झूलाघाट के अभिभावकों का रोष बढ़ने लगा है। विद्यालय में छात्र संख्या लगातार घट रही है। इससे आक्रोशित अभिभावक शिक्षक संघ (पीटीए) ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सीमांत क्षेत्र में स्थित जीआईसी झूलाघाट में भारत के साथ ही पड़ोसी देश नेपाल से भी कई बच्चे पढ़ाई करने आते हैं, लेकिन पिछले कुछ सालों से विद्यालय में प्रधानाचार्य के साथ ही अधिकांश शिक्षकों के पद रिक्त हैं। इंटर में जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, गणित विषय के प्रवक्ता नहीं हैं वहीं एलटी में गणित, अंग्रेजी विषय के शिक्षकों के पद खाली हैं। शिक्षकों की कमी के कारण विद्यालय में छात्र संख्या लगातार घट रही है। अभिभावकों के कई बार मांग करने पर भी शिक्षकों के पद नहीं भरे जा रहे हैं। 1998 में विद्यालय में छात्र संख्या साढ़े पांच सौ से अधिक थी, जो अब 225 रह गई है। अभिभावक शिक्षक संघ के अध्यक्ष पुष्कर सिंह गोबाड़ी ने शिक्षा उप निदेशक को ज्ञापन भेजकर उन्होंने 20 अप्रैल तक शिक्षकों की नियुक्ति न होने पर 21 अप्रैल से भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन की प्रति जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को भी भेजी है। उधर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य बीडी भट्ट का कहना है शिक्षकों की कमी की जानकारी शासन को दी गई है।