सार
भारतीय सेना की कुमाऊं स्काउट्स की 20 सदस्यीय टीम ने 18,300 फीट की ऊंचाई पर स्थित नंदा देवी बेस कैंप का 15 दिवसीय अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया। टीम ने 55 किमी की एक तरफ की दूरी तय कर साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।
नंदा देवी बेस कैंप अभियान के दौरान तिरंगे के साथ कुमाऊं स्काउट्स की टीम।
- फोटो : कुमाऊं स्काउट्स
पिथौरागढ़ में भारतीय सेना की कुमाऊं स्काउट्स की 20 सदस्यीय टीम ने 17 सितंबर से 1अक्तूबर 2026 तक नंदा देवी बेस कैंप का चुनौतीपूर्ण अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया। टीम ने कठिन हिमालयी भूभाग और विपरीत मौसम परिस्थितियों के बीच करीब 55 किलोमीटर की एक तरफ की दूरी तय कर 5,550 मीटर यानी 18,300 फीट की अधिकतम ऊंचाई तक पहुंच बनाई।
अभियान के दौरान जवानों ने दुर्गम हिमालयी गांवों और दूरस्थ समुदायों से संवाद किया। स्थानीय लोगों के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित करने के साथ ही वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। टीम ने हिमालय के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया।
यह अभियान साहस, सेवा और पर्यावरण संरक्षण के समन्वय का उदाहरण बना। कुमाऊं स्काउट्स ने अभियान के माध्यम से भारतीय सेना की साहसिक भावना, जनसेवा और हिमालय व उसके लोगों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया।