सातशिलिंग-थल मार्ग पर बीसाबजेड़ के पास हो रहे डामरीकरण के काम को क्षेत्र के लोगों ने मौके पर जाकर रोक दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि डामरीकरण का काम इतना घटिया किया गया है कि वह हाथ से ही उखड़ रहा है। कहा गया कि डामरीकरण के समय मानकों की अनदेखी की जा रही है। डामर बिछाने से पहले रोड की सफाई नहीं की गई। पानी के निकास के लिए नालियों का निर्माण नहीं किया गया।
भारी संख्या में लोग मंगलवार को बीसाबजेड़ में एकत्र हो गए। वहां पर दो दिन से डामर बिछाने का काम चल रहा है। डामर पैदल चलने में भी पांवों से उखड़ रहा है। लोगों ने जिलाधिकारी को मामले की जानकारी दी है और तत्काल काम रोकने और इसकी जांच कराने की मांग की है। इस मौके पर पंकज सौन, प्रेम कुमार, भूपेंद्र घोटा, शिवराज चंद, शंकर सौन, सूरज सौन, राकेश भट्ट, दिनेश, दौलत सिंह आदि ने कहा कि लंबे अरसे बाद रोड में डामर हो रहा है लेकिन इसमें इतनी ज्यादा लापरवाही बरती जा रही है कि डामर किसी भी दशा में टिकाऊ नहीं रह सकता। विरोध जताते समय मौके पर कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। इस कारण इसकी जानकारी डीएम को दे दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह किसी भी दशा में घटिया डामरीकरण नहीं होने देंगे।