कोविड अस्पताल पिथौरागढ़ में काफी अव्यवस्थाएं हैं।
- फोटो : AMAR UJALA
संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़। जिले में कोविड-19 के लिए बनाए गए अस्पताल में काफी अव्यवस्थाएं हैं। जिससे रोगी और उपचार करने वाली टीम परेशान है। बावजूद इसके उसे ठीक करने को लेकर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। निर्माणाधीन बेस अस्पताल को कोविड-19 अस्पताल बनाया गया है। यहां पर पानी ओवर फ्लो होकर अस्पताल के फर्श में बह रहा है। साथ ही पानी के फोर्स ने उपरी मंजिल में बनाए गए छज्जे को भी तोड़ दिया है। इसके बाद भी इसे ठीक करने को लेकर कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुुुसार अस्पताल में रोगियों और चिकित्सा कर्मियों के लिए पानी गर्म करने की कोई व्यवस्था नहीं है। यहां पर रोगियों और अस्पताल कर्मियों के लिए इमरशन रॉड से पानी गर्म किया जा रहा है। बता दें कि कोविड के रोगियों को हर समय गर्म पानी की आवश्यकता होती है। गीजर के नहीं होने से रोगियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कोविड अस्पताल में पानी की समस्या गंभीर है। जब पानी आता है तो ओवर फ्लो हो जाता है और चार पांच दिन तक पानी नहीं आता है। इसके बाद भी व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर अस्पताल प्रबंधन कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रहा है।
---:::: कोविड अस्पताल की व्यवस्थाओं को शीघ्र ठीक कर लिया जाएगा। रोगियों को कोई दिक्कत न हो इसके लिए अस्पताल में शीघ्र गीजर भी लगा लिया जाएगा। एचएस खड़ायत, पीएमएस जिला अस्पताल एवं प्रभारी कोविड अस्पताल पिथौरागढ़।