मुनस्यारी के खलियाटॉप में रविवार को हुए ताजा हिमपात का नजारा
- फोटो : अमर उजाला
जिले में रविवार को मौसम का मिजाज बदल गया। जिला मुख्यालय में दिनभर आसमान घने बादल से घिरा रहा। उच्च हिमालयी क्षेत्रों पर हिमपात शुरू हो गया है। मुनस्यारी में दोपहर बाद रिमझिम बारिश हुई। मुनस्यारी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रविवार दोपहर बाद पंचाचूली, हंसलिंग, खलियाटॉप, बेटुलीधार, गोरीपार की पहाड़ियों पर हिमपात हुआ। खलियाटॉप में दोपहर 12 बजे से हिमपात शुरू हुआ और अपरान्ह चार बजे तक जारी रहा। अस्कोट में शाम पांच बजे से बारिश शुरू हो गई। अस्कोट के पास छिपलाकेदार की पहाड़ी पर हिमपात हुआ है।
मौसम विभाग ने एक जनवरी को मौसम में बदलाव आने की उम्मीद जताई थी। मौसम विभाग के स्थानीय कार्यालय के अनुसार अगले 24 घंटे में भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्का हिमपात होने की संभावना है।
उधर, डीडीहाट स्थित आईटीबीपी सातवीं वाहिनी मुख्यालय के मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर गुंजी से आगे लिपुलेख तक के पूरे इलाके में बर्फ गिर गई है। निचले इलाकों पर बारिश अभी नहीं हो पाई है। 25 दिसंबर को हुई बारिश से फसलों को थोड़ी राहत मिली थी, यदि एक बारिश और हो जाती तो फसलों को काफी लाभ पहुंच जाता।