पंडित नैनसिंह पर्वतारोहण प्रशिक्षण संस्थान की ओर से बृहस्पतिवार से खलियाटॉप में विधिवत स्कीइंग का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। पहले दिन 20 नौजवानों ने स्कीइंग की ट्रेनिंग ली। यह संख्या अभी और बढ़ने की उम्मीद है। दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र, यूपी और उत्तराखंड के युवा यहां प्रशिक्षण लेने पहुंचे हैं। पर्वतारोहण प्रशिक्षण संस्थान की विशेष कार्याधिकारी रीना कौशल धर्मशक्तू प्रशिक्षण कार्यक्रम का निर्देशन कर रही हैं, जबकि पर्वतारोही पद्मश्री एमएस गुंज्याल युवाओं को स्कीइंग की तकनीक सिखा रहे हैं।
रीना कौशल ने बताया कि खलियाटॉप में अभी काफी बर्फ है। वैसे मौसम के मिजाज से ऐसा लगता है कि अगले 48 घंटे में हिमपात हो जाएगा। तब स्कीइंग करने में आसानी होने लगेगी। उन्होंने कहा कि अभी कुछ और युवा प्रशिक्षण के लिए पहुंचने वाले हैं। बाद में यह संख्या बढ़कर 30 तक हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण दस दिन तक चलेगा।