पिथौरागढ़। जनपद में कीवी का उत्पादन बढ़ गया है और भविष्य में इसमें और वृद्धि होने की उम्मीद है। उद्यान विभाग की कवायद और किसानों की मेहनत के बाद वर्तमान में जिले में 176 क्विंटल कीवी का उत्पादन हुआ है। उद्यान विभाग के मुताबिक जिले में 44 हेक्टेयर में फलोत्पादन हुआ है। उद्यान विभाग का मार्च 2026 तक 54 हेक्टेयर से अधिक में कीवी उत्पादन का लक्ष्य है। इस योजना से 90 से अधिक किसान लाभान्वित होंगे।
इसके लिए जिला योजना से काम भी शुरू हो गया है। इसके तहत विभाग किसानों को कीवी बगीचे तैयार करके देगा। अलग-अलग क्षेत्र में करीब 10 हेक्टेयर में यह बगीचे तैयार किए जाएंगे। इसमें कुल लागत की 70 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। गौरतलब है कि उद्यान विभाग के तहत जिले में साल 2021-22 से कीवी की खेती का काम शुरू किया गया। तब करीब 6-7 क्विंटल ही उत्पादन हो सका। विभाग ने उत्पादन बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास जारी रखा।
धीरे-धीरे और अधिक संख्या में किसानों ने रुचि दिखाई और क्षेत्रफल बढ़ने के साथ ही उत्पादन भी बढ़ने लगा। परिणामस्वरूप अब मूनाकोट, बिण और धारचूला ब्लॉक में कीवी का बेहतर उत्पादन हो रहा है। साथ ही मुनस्यारी, गंगोलीहाट के हनेरा, बेड़ीनाग के चौड़मन्या और चौकोड़ी आदि क्षेत्रों में किसान कीवी की खेती कर रहे हैं। इसके अलावा कुछ अन्य जगहों पर भी लोग व्यक्तिगत रूप से कीवी उत्पादन के लिए प्रयासरत हैं।
—
पहली बार किसानों को बगीचे तैयार करके देगा विभाग
जिला योजना के तहत उद्यान विभाग किसानों को कीवी का बगीचा तैयार करके देगा। इसमें घेरबाड़, ड्रिप सिंचाई सिस्टम, सपोर्ट के लिए ट्रेलिस सिस्टम-नेट आदि तैयार करने के साथ ही उर्वरक और कीवी के पौधे दिए जाएंगे। इस योजना में कुल 5,000 हजार पौधे किसानों को दिए जाएंगे, जिसमें प्रति किसान पांच पौधे निशुल्क होंगे। इस पहल के तहत विभाग ने कुछ जगहों पर खेत तैयार करने, गड्ढा खुदान से लेकर सर्वे भी कर लिया है। जिले में विभाग पहली बार इस तरह की पहल कर रहा है।
कोट
बेहतर कीवी उत्पादन को देखते हुए विभाग इस बार 10 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में कीवी उत्पादन की योजना पर काम कर रहा है। उत्पादन और बढ़ सकता है। किसानों को उत्पादन, कटिंग आदि के बारे में सही-सही जानकारी देने की जरूरत है, जिससे किसानों की आय में भी और वृद्धि हो सकेगी। - अभिनव कुमार, जिला उद्यान अधिकारी