खेतीखान में आवासीय भवन के भीतर मिला कोबरा। अमित कर्नाटक
चंपावत। विकासखंड पाटी के खेतीखान क्षेत्र में एक आवासीय मकान में किंग कोबरा सांप घुसने से खलबली मच गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। रविवार सुबह करीब 11 बजे खेतीखान निवासी मुकेश कर्नाटक के घर में किंग कोबरा सांप देखा गया। सांप को देखकर परिजनों में दहशत फैल गई और उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग को सांप के घर में घुसने की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही देवीधुरा क्षेत्र के वन क्षेत्राधिकारी दीप चंद्र जोशी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। टीम ने किंग कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।