धारचूला नगर से महज 800 मीटर दूरी पर स्थित व्यांसनगर खोलिता कस्बे तक पहुंचने के लिए मोटर रोड को 6 किमी दूर तपोवन से बनाए जाने से आक्रोशित खोतिला के ग्रामीणों ने सोमवार को तहसील कार्यालय का घेरावकर तहसील कार्यालय के आगे 3 घंटे तक धरना दिया।
भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र बुदियाल के नेतृत्व में व्यांसनगर खोतिला से बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा तहसील कार्यालय में आ धमके। तहसील प्रशासन से बार बार शिकायत किए जाने के बावजूद प्रशासन द्वारा मामले में कोई रुचि नहीं दिखाए जाने से आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि व्यांसनगर से धारचूला नगर पैदल पहुंचने में 15 मिनट लगते हैं, जबकि निमार्णाधीन मोटर मार्ग पर आने में वाहन से 20 मिनट एवं पैदल आने में एक घंटे का समय लग जाएगा। लोगों का कहना है कि इस मोटर मार्ग का कोई औचित्य नहीं है। भाजपा नेता महेंद्र बुदियाल का कहना है कि व्यांसनगर वासी लगातार नदी किनारे से मोटर मार्ग की मांग करते रहे हैं।
जिला पंचायत सदस्य मंजुला बुदियाल के प्रयासों से धारचूला से व्यांसनगर खोतिला तक पुराने सर्वे के आधार पर सड़क निर्माण की डीपीआर तक तैयार हो गई थी लेकिन इस डीपीआर को कैंसल कर नई सड़क का काम शुरू किया गया है जो कतई तर्कसंगत नहीं है और गांव के लोग इसका विरोध करेंगे।
व्यांसनगर युवा समिति के अध्यक्ष कृष्ण सिंह नपलच्याल ने कहा कि जब तक नदी किनारे से सड़क नहीं बनाई जाती तब तक तपोवन से आने वाले मोटर मार्ग को भी बनने नहीं दिया जायेगा। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मंजुला बुदियाल, हयात नबियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य विजय गर्ब्याल, जगदीश रायपा, मुन्नी देवी, लक्ष्मी नपलच्याल, जानकी देवी, अनीता बुदियाल, घनारी देवी, दीपक बहादुर, ओमजंग बुदियाल, शर्मिला देवी, मुन्नी रोंकली, योगिता, चमन गर्ब्याल, खीमू गर्ब्याल सहित कई लोग उपस्थित थे। इधर, लोनिवि के ईई एबी कांडपाल कह चुके हैं कि भूस्खलन वाला इलाका होने के कारण रोड निर्माण का सर्वे बदला गया है।