झूलाघाट(पिथौरागढ़)। पत्थरखानी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य कौस्तुब चंद्र जोशी को राष्ट्रीय टीचिंग एक्सीलेंस अवार्ड से नवाजा गया है। राष्ट्रीय स्तर पर चुने गए दो सौ शिक्षकों ने लॉकडाउन में डिजिटल लर्निंग कटेंट से बच्चों को शिक्षा दी।
मूनाकोट विकासखंड के पत्थरखानी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य कौस्तुब चंद्र जोशी ने लॉकडाउन में सभी विषयों के कटेंट बनाकर ऑनलाइन माध्यम से बच्चों तक पहुंचाए। फोर्थ स्क्रीन एजुकेशन और आई ड्रीम लर्निंग के सहयोग से इस वर्ष हुई प्रतियोगिता में देश के दो सौ शिक्षकों के लिए ऑनलाइन वोटिंग हुई।
वोटिंग के आधार पर देश के 21 शिक्षकों को टीचिंग एक्सीलेंस अवार्ड दिया गया। शिक्षक जोशी राज्य के पहले शिक्षक हैं, जिन्हें ऑनलाइन शिक्षा के लिए राष्ट्रीय टीचिंग एक्सीलेंस अवार्ड से नवाजा गया है। इससे पहले प्रधानाचार्य जोशी को सूचना संप्रेषण तकनीक का राष्ट्रीय पुरस्कार, शैलेश मटियानी पुरस्कार और मुख्यमंत्री उत्कृष्ट एवं सुशासन पुरस्कार भी मिल चुुका है। जोशी को पुरस्कार मिलने से जिले के शिक्षकों ने खुशी जताई है।