झूलाघाट (पिथौरागढ़)। कानड़ी गांव में एक ग्रामीण ने बिना अनुमति के 57 मीटर सड़क काट दी। सूचना के बाद पिथौरागढ़ तहसील प्रशासन और वन विभाग की टीम ने मौके पर जाकर कार्रवाई की।
कानड़ी और मजिरकांडा ग्राम पंचायत की सीमा हल्यानो कूच्चा नामक स्थान पर मंगलवार को पोकलैंड मशीन लगाकर ग्रामीण ने बिना प्रशासन की अनुमति के 57 मीटर सड़क काट दी। सड़क कटिंग की भनक जैसे ही लोगों को मिली तो उन्होंने इसकी सूचना प्रशासन को दी।
इस पर नायब तहसीलदार पंकज चंदोला के नेतृत्व में मजिरकांडा पट्टी पटवारी हुकुम सिंह धामी, बड़ाबे पट्टी पटवारी जितेंद्र बोनाल, वन विभाग और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार ने ग्रामीण से सड़क कटिंग की स्वीकृति का कागज मांगा तो वह कोई प्रपत्र नहीं दिखा पाया।
ग्रामीण ने बताया कि खेतों की दशा सुधारने के लिए जिला प्रशासन से सड़क की अनुमति मांगी थी लेकिन अनुमति नहीं मिली। जांच में पाया गया कि सड़क अवैध तरीके से काटी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क जिस जगह काटी गई है उस स्थान पर खनन पट्टा है। खनन के लिए सड़क कटिंग की गई है।
नायब तहसीलदार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अवैध खनन अधिनियम और वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी है।