धारचूला में ब्लाक कार्यालय के पास लगा आइडिया का मोबाइल टावर
- फोटो : अमर उजाला
इस बार की कैलाश मानसरोवर एवं छोटा कैलाश यात्रा के दौरान यात्रियों को धारचूला और उससे आगे बेहतर संचार सुविधा मिलने की उम्मीद है। निजी संचार कंपनी आइडिया के चार मोबाइल टावर लगने लगे हैं। इनका प्रारंभिक कार्य मार्च प्रथम सप्ताह तक पूरा होने की उम्मीद है, जबकि अप्रैल से लोगों को निजी कंपनी की सेवाएं मिलने लग जाएंगी। धारचूला नगर में ब्लॉक कार्यालय के पास यह टावर लगाया गया है।
बीएसएनएल की सेवाओं से आजिज आ गए लोगों ने पिछले कुछ दिनों से यह मांग उठाई थी कि धारचूला में निजी कंपनियों की मोबाइल सेवा शुरू की जाए। पिछले साल धारचूला के दौरे पर आए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरन रिजिजू के सामने भी यह मामला उठाया गया। केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा ने इसके लिए अपने स्तर से काफी प्रयास किए। आइडिया ने बलुवाकोट के कांडा, कालिका के बजानीथौड़ा, कोटेरा के भिनकांडा में भी अपने टावर लगाने का काम शुरू कर दिया है। धारचूला नगर के टावर को 25 फरवरी को शुरू करने की योजना थी, लेकिन अब तक टावर में जेनरेटर स्थापित नहीं हो पाया है।
एक मार्च तक टावर का सारा काम पूरा करने का फैसला लिया गया है। आइडिया के जूनियर इंजीनियर अतुल त्रिपाठी ने बताया कि टावर के निर्माण का काम लगभग पूरा हो रहा है। जल्दी ही लोगों को सेवा मिलने लगेगी। कैलाश मानसरोवर और छोटा कैलाश यात्रा शुरू होने से पहले चारों टावर काम करने लग जाएंगे। यात्रियों को कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर नारायणआश्रम से आगे तक संचार की सुविधा मिलती रहेगी।
पूरे इलाके में लगेंगे 50 टावर
केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा है कि धारचूला विधानसभा क्षेत्र में संचार सेवा से वंचित इलाकों में 50 टावर लगाने की योजना है। व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र थापा ने बताया कि केंद्र सरकार इस क्षेत्र की संचार सुविधा को बढ़ाने के लिए गंभीर है। लोगों को इसका फायदा मिलेगा।
नेपाली सिम से मिल जाएगी मुक्ति
मजबूरी में नेपाल की संचार कंपनियों के सिम प्रयोग कर रहे उपभोक्ताओं को भारतीय निजी कंपनियों की सेवा शुरू होने पर काफी राहत मिलेगी। नेपाल के सिम प्रयोग करने पर ज्यादा चार्जेज देने पड़ते हैं। इनके कॉल रेट भी ज्यादा होते हैं। यदि भारतीय कंपनियों की सेवा सही मिली तो राजस्व का नुकसान भी रुक जाएगा।