पिथौरागढ़ में भोले के जयकारे लगाते छठे दल के यात्री।
- फोटो : अमर उजाला
पांचवें दल के पर्यटक आवास गृह में रुके 31 कैलाश यात्री गुंजी पहुंच गए हैं। आईटीबीपी की टीम गुंजी में यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है। बृहस्पतिवार को तड़के यात्री गुंजी से कालापानी को रवाना होंगे। दूसरे दल के यात्री वापसी में अभी गुंजी में ही रुके हैं। तीसरा दल अभी मानसरोवर की परिक्रमा में है। चौथे दल के यात्री तकलाकोट से दार्चिन पहुंच गए हैं।
पांचवें दल के यात्रियों को शनिवार को गुंजी पहुंचना था। दो हेलीकाप्टरों में 28 यात्री तो शनिवार को ही गुंजी पहुंच गए, लेकिन बाद में मौसम खराब होने के चलते इस 31 यात्रियों को पिथौरागढ़ में ही रुकना पड़ा। यात्री पिछले चार दिनों से केएमवीएन के पर्यटक आवास गृह में रुके थे। पांचवें दिन उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौसम खुलने के बाद यात्रियों को वायुसेना के हेलीकाप्टरों से गुंजी पहुंचाया गया। इस दल को छह जुलाई को तकलाकोट में प्रवेश करना है। आईटीबीपी सातवीं वाहिनी मिर्थी के कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार गुंजी में यात्रियों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। दूसरे दल के यात्रियों को कैलाश परिक्रमा के बाद वापसी में अभी गुंजी में ही रोका गया है। यात्रियों को बृहस्पतिवार को हेलीकाप्टरों से पिथौरागढ़ लाया जाएगा। तीसरे दल के यात्रियों की मानसरोवर परिक्रमा पूरी हो गई है। यात्री बृहस्पतिवार को तकलाकोट को रवाना होंगे। चौथे दल के यात्री तकलाकोट से दार्चिन पहुंच गए हैं।
छठे दल के यात्री पिथौरागढ़ पहुंचे
पिथौरागढ़। कैलाश मानसरोवर यात्रा के छठे दल के 55 यात्री बुधवार शाम पिथौरागढ़ स्थित केएमवीएन के पर्यटक आवास गृह पहुंच गए हैं। पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक दिनेश गुरुरानी के नेतृत्व में यात्रियों का स्वागत किया गया। इस दौरान यात्रियों का बुरांश का जूस पिलाकर स्वागत किया गया। यात्री बृहस्पतिवार सुबह गुंजी के लिए उड़ान भरेंगे। बता दें कि दल में 43 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल हैं। यात्री मानसरोवर वाटिका में पौधरोपण करेंगे और शहीद स्मारक पर दिया जलाएंगे। कैलाश यात्रा को लेकर यात्रियों में खासा उत्साह बना हुआ है।