पिछले दो महीने से ठप पड़े फोन को अब तक ठीक न किए जाने से
आक्रोशित उपभोक्ताओं ने शनिवार शाम दूरसंचार विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
चेतावनी दी है कि यदि तत्काल फोन सेवा में सुधार नहीं हुआ तो सारे सेट
विभाग के पास जमा करा देंगे। लैंडलाइन फोन ज्यादातर व्यापारियों के पास
हैं। उनको फोन ठप होने से व्यवसाय में भारी दिक्कत उठानी पड़ रही है।
उपभोक्ताओं
का कहना है कि जब फोन ठीक करने के लिए लाइनमैन से आग्रह किया जाता है तो
वह हमेशा उल्टा जवाब देता है। इससे भी लोगों में गुस्सा है। उपभोक्ताओं का
कहना है कि नेपाल सीमा से सटे इस कस्बे की फोन सेवा हमेशा खराब रहती है।
विभाग के अधिकारी कभी गौर नहीं करते। मोबाइल सेवा भी अक्सर बाधित रहने से
मुसीबत बढ़ जाती है। व्यापार संघ के जिला उपाध्यक्ष दुर्गादत्त शर्मा के
नेतृत्व में एकत्रित उपभोक्ताओं ने कहा कि अब संचार सेवा को लेकर बड़ा
आंदोलन छेड़ा जाएगा। उन्होंने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दे दी
है। प्रदर्शन में नवीन भट्ट, विक्की भट्ट, व्यापार संघ अध्यक्ष संजीव
जोशी, डब्बू गड़कोटी, दिलशाद अहमद, दयानिधि कलखुड़िया, भैरव पंगरिया शामिल
हुए। दूर संचार विभाग के अधिकारियों ने इस अव्यवस्था के बारे में कोई सटीक
जवाब नहीं दिया।