झूलाघाट (पिथौरागढ़)। वड्डा और मजिरकांडा के बीच ओएफसी कटने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। संचार सेवा ठप होने से एसबीआई में दिन में 12 बजे तक ही कामकाज हो सका। इसके चलते भारत के साथ ही नेपाल से लेनदेन के लिए आए ग्राहकों को निराश लौटना पड़ा।
बुधवार को वड्डा और मजिरकांडा के बीच बीएसएनएल की ओएफसी कट गई। इससे मजिरकांडा, झूलाघाट में बने मोबाइल टावर से सिग्नल आने बंद हो गए। वहीं दूरभाष केंद्र झूलाघाट भी ठप हो गया और इंटरनेट सेवा बाधित हो गई। कभी बिजली गुल होने, कभी जनरेटर तो कभी ओएफसी में खराबी से झूलाघाट क्षेत्र की बीएसएनएल की सेवा बाधित होती रहती है। इससे पूरा घाटी क्षेत्र परेशान है। झूलाघाट में एसबीआई, ग्रामीण बैंक, पोस्ट ऑफिस, थाना, कस्टम विभाग, अस्पताल, सीएससी सेंटर, विद्यालय और एसएसबी की कंपनी है। सभी उपभोक्ता बीएसएनएल पर ही निर्भर हैं।
वहीं अमतड़ी, तालेश्वर, खर्कतडी़, सिमपानी, गेठीगाडा, झूलाघाट, कानडी़, बलतडी़, सपतडी और सीमू के ग्रामीण बीएसएनएल की सेवा से परेशान हैं। बदहाल संचार सेवाओं के कारण न तो गैस बुकिंग हो पाती है और नहीं आपात स्थिति में 108 एंबुलेंस का लाभ मिल पाता है। डिजिटल लेनदेन में भी परेशानी उठानी पड़ती है। अधिकांश लोग नेपाल की टेलिकॉम सेवा पर निर्भर हैं।
टाकुला के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश चंद रोडीयाल, मूनाकोट मंडल अध्यक्ष संजीव जोशी, व्यापार मंडल अध्यक्ष जगदीश जोशी, मजिरकांडा की ग्राम प्रधान किरन भट्ट और उप प्रधान राम चंद्र भट्ट ने संचार में सुधार करने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि यदि संचार सेवा का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन किया जाएगा।
इनसेट
वड्डा और मजिरकाडा के बीच ओएफसी में खराबी आई है पिथौरागढ़ जिले की दो टेक्निकल टीम लाइन जोड़ने के लिए दार्चुला और चंपावत गई हैं। वहां से लौटने के बाद ओएफसी लाइन जोड़ने का काम किया जाएगा। माेहम्मद खालिद, एसडीई दूरसंचार विभाग पिथौरागढ़।
पूर्णागिरि में चार दिन से बीएसएनएल सिग्नल गायब
सड़क संपर्क टूटने के बाद मोबाइल सेवा ठप होने से बढ़ी परेशानी
पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। पूर्णागिरि धाम मार्ग पर बाटनागाड़ में मलबा आने सड़क बंद होने की परेशानी से अभी निजात नहीं मिली है कि अब धाम की बीएसएनएल की संचार सेवा भी ठप हो गई है। चार दिन से ठप सेवा को अभी तक बहाल नहीं किया जा सका है। ग्रामीणों ने संचार सेवा को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है। सेला गांव में लगे बीएसएनल के मोबाइल टावर से पूर्णागिरि धाम क्षेत्र में कहीं-कहीं छुटपुट सिग्नल आते थे लेकिन अब ये टावर चार दिन से काम नहीं कर रहा है। इस कारण लोगों का संचार संपर्क भी टूट गया है। मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी, पूर्व ग्राम प्रधान पंडित मथुरा दत्त पांडेय, राजू तिवारी, नेत्र बल्लभ तिवारी, मोहन पांडे सहित क्षेत्र के लोगों ने संचार सेवा को बहाल कराने की मांग की है। संवाद