झूलाघाट (पिथौरागढ़)। वड्डा और मजिरकांडा के बीच ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) कटने से झूलाघाट क्षेत्र में संचार सेवा ठप हो गई। झूलाघाट के टेलीफोन एक्सचेंज में भी कनेक्टिविटी न होने से क्षेत्र में इंटरनेट सुविधा भी बंद हो गई। इस कारण बैंक, डाकघर में काम प्रभावित रहा। मजिरकांडा स्थित बीएसएनएल के मोबाइल टावर में बिजली जाते ही सिग्नल गायब हो रहे हैं। इससे झूलाघाट क्षेत्र के लोगों को बात करने के लिए निजी कंपनी या फिर नेपाली सिम का सहारा लेना पड़ रहा है। बीएसएनएल के एसडीओ मो. खालिद ने बताया कि ओएफसी में आई खराबी को शीघ्र दूर कर दिया जाएगा। मजिरकांडा टावर पर सोलर पैनल लगाने का प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही सोलर पैनल लगाकर बैटरी जोड़ी जाएगी। संवाद