थल में चल रहे फुटबाल मैच में गोल के लिए जूझते खिलाड़ी।
- फोटो : पिथौरागढ़
थल फुटबॉल क्लब के तत्वावधान में चल रही 11वीं चैंपियन फुटबॉल कप प्रतियोगिता में जेएसएस देहरादून ने केकेसी गोल को 3-1 से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। टीएफसी थल और ओएफसी ओगला के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा।
रामलीला खेल मैदान में जेएसएस देहरादून और केकेसी गोल के बीच खेले गए मुकाबले में देहरादून के लक्की मेहरा ने चौथे मिनट में पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। 21वें मिनट में गोल की तरफ से शमशेर चंद ने शानदार गोल किया। मध्यांतर तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। मध्यांतर के बाद देहरादून की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पवन कोरंगा और दिनेश बृजवाल ने थोड़े-थोड़े अंतराल में गोल कर टीम को 3-1 की बढ़त दिला दी। गोल की टीम अंतर को पाटने में नाकाम रही।
एक अन्य मुकाबले में टीएफसी थल और ओएफसी ओगला के बीच मुकाबला 3-3 से बराबर पर रहा। दोनों टीमों को 1-1 अंक दिया गया। मैच रैफरी सूरज कुमार, लाइनमैन राजा जोशी और चेतन बिष्ट थे। आंखों देखा हाल कृष्ण गोपाल पंत और अमरजीत राम ने सुनाया। मुख्य अतिथि व्यापारी बृजेश सत्याल थे। क्लब के अध्यक्ष राजेश पंचपाल, संरक्षक देवराज सत्याल, बबलू सामंत, प्रवीण जंगपांगी, सुंदर राम, चंद्र मोहन पांगती, सुनील सत्याल, नवीन पाठक, दिनेश चंद्र पाठक आदि ने खेल का लुत्फ उठाया।