राम मंदिर से बेड़ीनाग को आ रही जीप शनिवार को दोपहर बाद राम मंदिर से थोड़ा आगे हनुमानगढ़ी के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी। बताया गया है कि जीप का स्टेयरिंग लॉक हो गया था। दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए। उनको 108 आपात वाहन से बेड़ीनाग अस्पताल लाया गया है।
थाना प्रभारी एसएस नयाल ने बताया कि जीप करीब 100 फीट गहरी खाई में पलट गई थी। दुर्घटना में चाख राम मंदिर निवासी गिरीश आर्या (28), व्याती निवासी सुरेंद्र सिंह (28), हल्द्वानी निवासी भगवान सिंह (48), स्यूती राईआगर निवासी खुशाल सिंह (35) घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल लाया गया। घायलों को ज्यादा चोट होने के कारण अल्मोड़ा बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को खाई से बाहर निकालने में मदद की। डाक्टरों के अनुसार घायलों की हालत खतरे से बाहर है।