अवैध खनन करने वाले पहाड़ को खोखला करते जा रह हैं। ग्राम पंचायत वल्थी के दानीबगड़ और जोशा के बगड़काफल में इन दिनों खुलेआम अवैध खनन हो रहा है। खनन के लिए क्रेशर मशीन लगाई गई है और जेसीबी से पहाड़ी को काटा जा रहा है। आपदा प्रभावित इस क्षेत्र में धड़ल्ले से हो रहे अवैध खनन को लेकर लोगों में भारी गुस्सा है और खनन रोकने के लिए एसडीएम को पत्र लिखा गया है।
वल्थी गांव के लोगों ने बताया कि दानीबगड़ में बिना अनुमति के क्रेशर मशीन लगाई गई है। पहाड़ से पत्थरों को निकालकर मशीन में लगातार रोड़ी तैयार हो रही है। ठीक इसी तरह बगड़काफल में भी जेसीबी से पहाड़ी को काटा जा रहा है और खनन का धंधा जोरों पर है। जोशा गांव के प्रेम सिंह ने एसडीएम को पत्र लिखकर मांग की है कि खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए। यदि खनन कार्य जारी रहा तो बारिश के सीजन में भूकटाव बढ़ जाएगा और गांव खतरे में आ जाएंगे। एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने कहा कि खनन को रोकने के लिए तत्काल टीम भेजी जाएगी। यदि काम अवैध रूप से खनन कार्य किया जा रहा होगा तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया है।