बारहमासी सड़क पर मटेला के पास मलबा हटाती जेसीबी
- फोटो : अमर उजाला
घाट से गुरना तक हो रहे बारहमासी सड़क निर्माण के दौरान बृहस्पतिवार को फिर से दो घंटे तक वाहनों के पहिए जाम रहे। बृहस्पतिवार को भी मटेला बैंड और कंतगांव के पास मलबा आने से वाहनों को सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ा। सुबह के समय वाहन चालकों और यात्रियों को ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। सुबह इस सड़क पर वाहनों का भारी दबाव रहता है। मैदानी इलाकों से पिथौरागढ़ को आने वाले और पिथौरागढ़ से मैदानी इलाकों को जाने वाले वाहन सुबह के समय ही निकलते हैं।
सड़क पर अक्सर मलबे का ढेर लग रहा है और मलबा हटाने में काफी समय लग जाता है। निर्माण स्थल पर हालांकि मलबा हटाने के लिए जेसीबी और मजदूर तैनात किए गए हैं, लेकिन 20 किलोमीटर के दायरे में कहां पर मलबा गिर जाए कहा नहीं जा सकता। सड़क निर्माण के कारण लोग पिछले एक महीने से परेशानी झेल रहे हैं। इधर, वाहन स्वामियों का कहना है कि सड़क की खराब दशा के कारण यात्रियों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। अब वही लोग सफर कर रहे हैं जिन्हें अनिवार्य रूप से जाना है। घाट से गुरना के बीच अगले 15 दिन तक सड़क चौड़ीकरण का काम जारी रहेगा। उसके बाद अगले चरण में गुरना से पिथौरागढ़ के बीच काम होगा। लंबे समय तक लोगों को इस सड़क पर परेशानी झेलनी होगी।
बारहमासी सड़क के निर्माण की तैयारी लंबे समय से चल रही थी। वन निगम ने चिन्हित स्थानों पर पेड़ों को काटने का काम तीन माह पहले ही कर दिया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगली बरसात के मौसम में भूकटाव के खतरे ज्यादा बढ़ जाएंगे, क्योंकि जगह-जगह पहाड़ियों पर मलबे के ढेर लग गए हैं। पंचेश्वर विकास समिति के अध्यक्ष मनोज सिंह सामंत ने कहा कि जिस लापरवाही से सड़क का निर्माण हो रहा है, उसे देखकर ऐसा लगता है कि यह सड़क कही तबाही का कारण न बन जाए।