बारहमासी सड़क पर घाट के पास पहाड़ को खोदती जेसीबी
- फोटो : अमर उजाला
बारहमासी सड़क पर घाट और गुरना के बीच हर वक्त जाम की स्थिति बनी हुई है। सुबह से लेकर शाम तक लगातार गिर रहे मलबे के कारण आम यात्रियों की परेशानी बढ़ने लगी है। वाहन चालक भी इस सड़क की दुर्दशा से खासे दुखी हैं। बृहस्पतिवार को भी इस सड़क पर दो घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। यात्री वाहनों के साथ-साथ मरीजों को लेकर जाने वाली एंबुलेंस भी अक्सर सड़क बंद होने के कारण फंस रही हैं। मैदानी इलाकों में जिले को राशन, रसोईगैस, सब्जी लेकर आने वाले वाहन चालकों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क चौड़ीकरण के दौरान निकला सारा मलबा मुख्य सड़क पर गिर रहा है। उसे हटाने में घंटों लग रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी मटेला, कंतगांव, मीना बाजार के पास भारी मात्रा में मलबा गिरा। एनएच के ठेकेदारों ने मलबा हटाने के लिए हालांकि जेसीबी तैनात की हैं, लेकिन मलबा हटाने के कुछ घंटे बाद फिर से वही स्थिति आ रही है। लोगों का कहना है कि यदि मलबा हटाने का कोई समय तय किया जाता तो लोग उसी हिसाब से अपनी यात्रा का कार्यक्रम तय करते। घाट में एकांत स्थानों पर बिना पानी और चाय के घंटों इंतजार करना यात्रियों को ज्यादा खल रहा है।
इधर, पंचेश्वर घाटी संघर्ष समिति के संयोजक मनोज सिंह सामंत और अध्यक्ष मान सिंह सामंत ने डीएम को फिर से पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि यातायात कम से कम बाधित हो इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क बंद होने से जिले के व्यवसाय पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण तो जरूरी है लेकिन इस बात का ध्यान रखा जाए कि लोगों को परेशानी न हो।