पिथौरागढ़। भाजपा विधायक बिशन सिंह चुफाल ने कहा है कि अधिकारियों की मिलीभगत से ही निर्माण कार्यों में गड़बड़ियां होती हैं। निर्माण कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाना चाहिए। इससे गुणवत्ता में सुधार होगा।
सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में विधायक चुफाल ने कहा कि पीएमजीएसवाई की सड़कों की चौड़ाई छह मीटर होनी चाहिए। जब उन्होंने निरीक्षण किया तो एक सड़क की चौड़ाई केवल साढ़े चार या पांच मीटर ही मिली। उनके निरीक्षण के बाद सड़क की चौड़ाई में सुधार किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी वन अधिनियम का हवाला देकर सड़क की चौड़ाई को लेकर गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। जब सड़क की चौड़ाई का मानक छह मीटर का है तो वन अधिनियम का हवाला दिया जाना ठीक नहीं है।
उन्होंने भागीचौरा-हंसेश्वर सड़क का उदाहरण देते हुए कहा कि पिछले दिनों उन्होंने इस सड़क पर बन रहे एक स्कबर में सीमेंट और रेत की जगह मिट्टी लगाई जा रही थी। जब उन्होंने इस मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया तब सीमेंट और रेत का उपयोग हुआ। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों का लाभ जनता को मिले इसके लिए अधिकारियों को धरातल पर जाकर निरीक्षण करना चाहिए।
मेरे पास वर्ष 2007 की संपत्ति ही 2025 में भी है : चुफाल
डीडीहाट के विधायक बिशन सिंह चुफाल ने एडीआर (एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफार्म) की ओर से जारी रिपोर्ट को लेकर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा है कि उनके बारे में रिपोर्ट दी गई है कि पांच साल में कई गुना अधिक रुपये कमाए जबकि उनके पास साल 2007 में जितनी संपत्ति थी उतनी ही संपत्ति आज भी है। चुफाल ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2007 के चुनाव में उनसे केवल चल संपत्ति का ब्योरा मांगा गया था। वर्ष 2012 के चुनाव में निर्वाचन के दौरान चल और अचल दोनों संपत्तियों का ब्योरा मांगा था। उन्होंने चल के साथ ही अचल संपत्ति का ब्योरा भी दिया तो संपत्ति अधिक दर्ज हो गई।