मुनस्यारी के सेनरगाड़ में पुल टूटने के घटना की मौके पर जाकर जांच करते जांच टीम के सदस्य। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। 22 जून को मुनस्यारी के धापा-मिलम मार्ग पर सेनरगाड़ में पोकलैंड लदे ट्राले के कारण टूटे बेली ब्रिज की जांच शुरू हो गई है। जांच टीम ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर पुल टूटते समय मौके पर मौजूद लोगों के बयान लिए।
सामरिक महत्व की सड़क पर बना बेली ब्रिज 22 जून को पोकलैंड मशीन ले जा रहे ट्राले के गुजरते समय टूट गया था। इसके चलते चीन सीमा से संपर्क कट गया था।
जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने पुल टूटने के मामले की जांच के आदेश दिए थे। बुधवार को एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला के नेतृत्व में जांच टीम के सदस्य मुनस्यारी के थानाध्यक्ष आसिफ खान, तहसीलदार मुनस्यारी अबरार अहमद, एआरटीओ मुकुल अग्रवाल, लोनिवि डीडीहाट के एई महेंद्र वर्मा और उमेश कुमार ने घटना स्थल का मुआयना किया। इस दौरान स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही उन्होंने पुल टूटते समय जो लोग मौके पर मौजूद रहे उनसे पूछताछ की।
एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों और चश्मदीदों के बयान लिए जा रहे हैं। 15 दिनों में जांच पूरी कर जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।