मुनस्यारी के कोट्यूड़ा में एक पेड़ में अटके हरे-सफेद बैलून और चिट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। एसपी ने मामले की जांच के लिए दो टीमों का गठन कर दिया है। इधर, दूसरी सुरक्षा एजेंसियां भी मामले की जांच कर रही है।
मुनस्यारी के कोट्यूड़ा गांव एक बांज के पेड़ में हरे-सफेद गुब्बारे और चिट मिलने के बाद सनसनी फैल गई। गुब्बारे और बैनर मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस ने गुब्बारों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एसपी आयुष अग्रवाल ने मामले की जांच के लिए पुलिस और एलआईयू टीम का गठन कर दिया है। एसपी का कहना है कि जांच चल रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को कोट्यूड़ा के जंगल में मिले गुब्बारे के साथ एक चिट में में सर्किल स्टाइल कबड्डी वर्ल्ड कप 2020 लिखा था। ग्रामीणों ने इन गुब्बारों के पाकिस्तान से उड़कर यहां आने की आशंका जताई थी। सोशल मीडिया में भी इन गुब्बारों की खासी चर्चा रही। लोगों की आशंका के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
इधर पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है। इन गुब्बारों के नेपाल से उड़कर यहां पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने लोगों से अफवाहें न फैलाने को कहा है।