पिथौरागढ़। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष मनोज सामंत ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत छह फरवरी को शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसमें जिला सहकारी बैंक पिथौरागढ़ और चंपावत में 3050 लोगों को 23 करोड़ रुपये का ब्याज रहित ऋण दिया जाएगा।
सहकारी बैंक में बृहस्पतिवार को हुई प्रेसवार्ता में अध्यक्ष सामंत ने कहा कि जिला सहकारी बैंक की शाखाओं, कृषि ऋण सहकारी समितियों के माध्यम से गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले कृषकों को एक लाख, पशुपालन, जड़ीबूटी, सगंध पादप, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य, मुर्गीपालन, मशरूम, पुष्प उत्पादन, औद्यानिकी, कृषि प्रसंस्करण, कृषि यंत्रीकरण, जैविक खेती, बेमौसमी सब्जी उत्पादन, पॉलीहाउस आदि कार्यों के लिए तीन लाख, स्वयं सहायता समूह को पांच लाख रुपये तक का ब्याज रहित ऋण दिया जाएगा। पिथौरागढ़ में चार ऋण मेले लगेंगे। जिले के आठ ब्लॉकों की 19 शाखाओं और 74 समितियों के माध्यम से 1850 पात्र सदस्यों को 15 करोड़, चंपावत जिले के चार ब्लॉकों की आठ शाखाओं में 22 समितियों के माध्यम से 1200 पात्र सदस्यों को आठ करोड़ रुपये का ऋण दिया जाएगा। इस दौरान सहकारी बैंक के महाप्रबंधक मनोहर सिंह भंडारी आदि रहे।
जिला सहकारी बैंक का ऋण मेला कल
लोहाघाट (चंपावत)। दीन दयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना के तहत पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक की ओर से छह फरवरी को ऋण शिविर आयोजित किया जाएगा। बैंक के शाखा प्रबंधक आनंद प्रकाश ने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से वर्चुअल वेबिनार के माध्यम से ऋण वितरण का कार्यक्रम आयोजित होगा। लोहाघाट विकासखंड सभागार में होने ऋण वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय और ब्लॉक प्रमुख नेहा ढेक करेंगी।