पिथौरागढ़। डीएम विनोद गोस्वामी ने बृहस्पतिवार को पुनेड़ी-लिंठ्यूड़ा मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर हाल में 15 जून तक मार्ग को पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाए।
नगर के घंटाकरण से लिंठ्यूड़ा-पुनेड़ी को जाने वाली सड़क पिछले दिनों हुई भारी वर्षा के कारण भूधंसाव होने से बंद हो गई थी। वाहनों का संचालन बंद होने से स्थानीय लोग परेशान हैं। समस्या को देखते हुए डीएम ने निरीक्षण के दौरान भूधंसाव के कारणों का भी आकलन किया और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों से संभावित उपायों पर चर्चा की।
उन्होंने जनता की आवाजाही के लिए सड़क को अस्थायी रूप से शीघ्र खोलने के निर्देश दिए। डीएम ने पूरे मार्ग का चौड़ीकरण करने को भी कहा। साथ ही एसडीएम और तहसीलदार सदर को सड़क निर्माण की प्रगति की रिपोर्ट हर सप्ताह उन्हें उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने एडीएम योगेंद्र सिंह को इस कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग करने को कहा।
बाद में डीएम ने जिला न्यायालय के पास निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग में भूतल में शेड निर्माण के साथ ही बाइकों के लिए पार्किंग की व्यवस्था के लिए योजना बनाकर कार्य करने के निर्देश भी संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। इस दौरान डीएम ने पार्किंग स्थल के निर्माण के लिए तहसीलदार सदर विजय गोस्वामी को शहर के आसपास 30 से 40 एकड़ जमीन तलाशने के साथ ही योजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
डायलिसिस कराने वाले मरीज हो रहे परेशान
पुनेड़ी सड़क पर वाहनों का संचालन ठप होने से सबसे अधिक परेशानी डायलिसिस के लिए बेस अस्पताल जाने वाले मरीजों व तीमारदारों को हो रही है। सड़क बंद होने से एंबुलेंस मरीजों को घंटाकरण में ही उतार दे रही है। इसके बाद मरीज यहां से किसी दोपहिया वाहन में लिफ्ट मांगकर आ-जा रहे हैं या फिर वाहन बुक कराकर रई-एआरटीओ कार्यालय से घूमकर अस्पताल पहुंचने के लिए मजबूर हैं। तीमारदारों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है। चिकित्सकीय स्टाफ को भी आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं।