वड्डा से कटियानी जा रही मैक्स जीप हादसे में घायल प्रधान ने मंगलवार रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में मरने वालों की संख्या अब दो हो गई है। हादसे में घायल दो लोगों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। चार घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। युवा प्रधान और चालक की मौत से गांव में मातम पसरा है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर गमगीन माहौल में झूलाघाट के घोपट्या घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
मंगलवार की शाम वड्डा से सात सवारियों को लेकर कटियानी जा रही मैक्स जीप सन्न की चढ़ाई में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में जीप चालक अर्जुन सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सूरज सिंह धामी, नरेश धामी, जगदीश सिंह, जगजीवन राम, दीवानी राम, खड़क सिंह, गोविंद सिंह घायल हो गए। जीप के गिरने की गिरने और सवारियों के चीखने का शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उन्होंने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू कर घायलों को सड़क तक पहुंचाया। सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सात घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
सूरज धामी, जगजीवन राम और गोविंद की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। रात में करीब साढ़े दस बजे जगजीवन राम (28) ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने पर बुधवार सुबह से ही पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। जगजीवन राम इसी बार कटियानी ग्राम पंचायत के प्रधान बने थे। तीन भाइयों में वह दूसरे नंबर के थे। युवा बेटे की मौत से मां और भाइयों में कोहराम मचा है।