आदि कैलाश टैक्सी आनर्स ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाकर कूड़े का निस्तारण किया।
पिथौरागढ़। प्रधानमंत्री नरेंद मोदी के आदि कैलाश आने के बाद पर्यटन गतिविधियां बढ़ी हैं। अभी तक 17 हजार से अधिक लोग आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन कर चुके हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आने वाले पर्यटक उच्च हिमालयी क्षेत्रों को दूषित भी कर रहे हैं। आदि कैलाश टैक्सी आनर्स सोसायटी ने सफाई अभियान चलाकर हिमालयी क्षेत्र में पड़े कूड़े को साफ किया।
आदि कैलाश टैक्सी ओनर्स सोसायटी के अध्यक्ष प्रवेश सिंह नबियाल के नेतृत्व में 14500 फुट पर स्थित नाभीढांग, ज्योलिंकांग, शिव, पार्वती मंदिर, पार्वती कुंड के आसपास सफाई अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने शिव भक्तों को फल भी भेट किए। सोसायटी के अध्यक्ष प्रवेश सिंह नबियाल ने बताया की आदि कैलाश और ओम पर्वत से लगभग पांच क्विंटल कूड़े को वाहनों में लाकर धारचूला के दोबाट के कूड़ा स्थल में निस्तारण किया। सोसायटी के संरक्षक वीरेंद्र सिंह नबियाल ने शिवभक्तों से अपील की कि धार्मिक स्थलो में स्वच्छता का ध्यान रखे और कूड़े को अपने साथ वापस आकर धारचूला वापस लाने की अपील की है। एसडीएम मंजीत सिंह ने आदि कैलाश टैक्सी ओनर्स सोसायटी के चलाए गए सफाई अभियान की सराहना की। इस मौके पर उपाध्यक्ष हरीश रोंकली, किरण गुंज्याल, धर्मेंद्र गुंज्याल, अरुण सिंह मर्तोलिया सहित कई लोग मौजूद रहे।