फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत-नेपाल सेना का 14 दिनी सैन्य अभ्यास शुरू

Tue, 07 Mar 2017 09:59 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
मेजर जनरल को सैल्यूट करते भारत और नेपाल के सैनिक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सूर्या कमांड के तत्वावधान में भारतीय थल सेना की पंचशूल ब्रिगेड के नेतृत्व में 14 दिनी भारत-नेपाल संयुक्त सैन्य अभ्यास सूर्यकिरण 11 शुरू हो गया है। सैन्य अभ्यास का शुभारंभ उत्तर भारत क्षेत्र के मेजर जनरल राकेश कुमार भारद्वाज ने किया। भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व पंजाब रेजीमेंट की एकता शक्ति बटालियन और नेपाली सेना का नेतृत्व दुर्गा बक्स बटालियन कर रही है।
विज्ञापन


सेना के मैत्री मैदान में उद्घाटन समारोह में मेजर जनरल भारद्वाज ने कहा कि सैन्य सहयोग शृंखला के तहत 11वां सूर्यकिरण सैन्य अभ्यास भारत और नेपाल के मध्य हो रहा है। दोनों देशों के मध्य सैन्य संबंधों को बढ़ावा देने के लिए हर साल भारत और नेपाल की सेना के मध्य संयुक्त युद्धाभ्यास किया जाता है। पर्वतीय भूभाग में आतंकवादी गतिविधियों को रोकने के लिए दोनों देशों के सैनिक संयुक्त रणनीति बनाते हुए अभ्यास करेंगे। सैन्य अभ्यास के दौरान जंगल युद्धकला के साथ ही मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण भी दोनों देशों के सैनिकों को दिया जाएगा। पंचशील ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर राकेश मनोचा (सेना मेडल) ने कहा सैन्य अभ्यास का दोनों देशों की सेना को लाभ मिलेगा।

उद्घाटन समारोह में सैन्य रीति से शानदार परेड का आयोजन किया गया। दोनों देशों के सैनिकों ने अपने-अपने देशों की सुसज्जित सैन्य वेशभूषा में ब्रास बैंड, पाइप बैंड की धुनों के बीच मैदान में प्रवेश किया। विशिष्ट अतिथियों को सलामी दी। दोनों देशों के राष्ट्र ध्वजों को निशान टोलियों के माध्यम से 28 पंजाब बटालियन के कमांडेंट कर्नल नवीन कुमार राजन और नेपाल के दुर्गा बक्स बटालियन के कमांडेंट कर्नल सुधीर केसी के नेतृत्व में मैदान में लाया गया। परेड को दर्शकों ने अपने स्थान पर खड़े होकर सम्मान दिया।
विज्ञापन


चीन की कोई आपत्ति सामने नहीं आई : मेजर जनरल
भारत-नेपाल की सेना के मध्य हर साल हो रहे सैन्य अभ्यास को लेकर पड़ोसी देश चीन के रुख को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मेजर जनरल राकेश कुमार भारद्वाज ने कहा कि अब तक 10 संयुक्त सैन्य अभ्यास दोनों देशों के सेना के मध्य हो चुके हैं, यह 11वां सैन्य अभ्यास है। चीन की अब तक किसी प्रकार की आपत्ति सामने नहीं आई है। मेजर जनरल भारद्वाज ने कहा कि दोनों देशों की सेना आपस में एक-दूसरे से बातें शेयर कर सकें। उच्च हिमालयी क्षेत्र में लड़ाई लड़ने के तरीके से रूबरू हो सकें। आतंक से लड़ाई और आपदा प्रबंधन में सैन्य अभ्यास कारगर रहे यही संयुक्त सैन्य अभ्यास का मेन मकसद है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की सेनाओं का संयुक्त सैन्य अभ्यास द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने और पारंपरिक मित्रता को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

दोनों देशों के अधिकारी, जवानों से मिले मेजर जनरल
मेजर जनरल राकेश कुमार भारद्वाज ने दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों और जवानों से अलग से मुलाकात की। उनके हालचाल पूछे। सैन्य अभ्यास के संबंध में चर्चा की। अधिकारियों, जवानों के साथ नाश्ता किया। इस दौरान पंचशूल ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर राकेश मनोचा (सेना मेडल), पंजाब रेजीमेंट की एकता शक्ति बटालियन के कमांडेंट कर्नल नवीन कुमार राजन, नेपाल आर्मी की दुर्गा बक्स बटालियन के कमांडेंट कर्नल सुधीर केसी मौजूद थे।

मेजर जनरल को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया
पंचशूल ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर राकेश मनोचा (सेना मेडल) ने मेजर जनरल राकेश कुमार भारद्वाज को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर 28 पंजाब रेजीमेंट के कमांडेंट कर्नल नवीन कुमार राजन और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

पंजाब रेजीमेंट का बैंड रहा आकर्षण का केंद्र
संयुक्त सैन्य अभ्यास के आगाज के मौके पर पंजाब रेजीमेंट का बैंड आकर्षण का केंद्र रहा। इस बैंड के बारे में बताया गया कि इसने कई मौकों पर देश, विदेश में सफलता का परचम लहराया है। रेजीमेंट के बैंड ने इसी साल गणतंत्र दिवस की परेड में विजय चौक (नई दिल्ली) पर बैंड का शानदार प्रदर्शन किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें