पाकिस्तान से बढ़ते तनाव के बीच चीन और नेपाल की सीमा से लगे सीमांत जिले में भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। अब वैवाहिक या अन्य कोई कार्यक्रमों में लोग ड्रोन नहीं उड़ा सकेंगे। नैनीसैनी एयरपोर्ट की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। यहां के आसपास के क्षेत्रों में भी ड्रोन उड़ाना पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। बाकायदा पुलिस ने मुनादी कर इसके सख्त निर्देश जारी किए हैं।
चीन और नेपाल सीमा से सटे सीमांत जिले में भी पाकिस्तान से तनातनी के बाद हालात बदलने लगे हैं। हालांकि आम लोगों में हर तरफ से राहत है लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। दिल्ली और देहरादून को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ने वाले नैनीसैनी एयरपोर्ट की भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। एयरपोर्ट की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने इसके आसपास ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। यह नियम जिले भर में लागू किया गया है। एसपी रेखा यादव ने कहा कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था की मजबूती के लिए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस जिले की सुरक्षा के लिए हर मोर्चे पर तैयार है।
ब्लैक आउट में काले कपड़े से ढकी जाएंगी सोलर लाइट
सीमा पर तनाव पैदा होते ही सीमांत जिले में भी ब्लैक आउट की तैयारी शुरू हो चुकी है। घरों में लगे बल्बों को बंद करना आसान है लेकिन नगर, कस्बों और गांवों में लगीं सोलर स्ट्रीट और हाइमास्ट लाइटों को ब्लॅक आउट के दौरान बंद करना चुनौती होगा। ऐसा इसलिए कि सोलर लाइट और कई हाइमास्ट लाइट में रोशनी कम होते ही खुद रोशन होने की व्यवस्था है। ऐसे में इन लाइटों को काले कपड़े से ढका जाएगा। सीडीओ डॉ. दीपक सैनी ने ब्लैक आउट के दौरान सोलर लाइटों को बंद करने के लिए काले कपड़े से ढकने का निर्देश उरेडा, निकायों, जिला पंचायत और पंचायत राज विभाग को जारी किया है।