तहसील धारचूला के तोली घट्टाबगड़ के आपदा पीड़ित परिवारों ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत बुधवार से कलक्ट्रेट में बच्चों समेत अनशन शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र के आपदा पीड़ितों के इस कदम से प्रशासन सकते में है। प्रशासन इस कोशिश में है कि पीड़ित परिवारों को किसी तरह मनाया जाए।
तोली घट्टाबगड़ निवासी बहादुर राम ने बताया कि 2013 की आपदा के समय गांव के पांच परिवारों की पूरी संपत्ति, खेत, मकान समेत अन्य सामान बाढ़ की भेंट चढ़ गया था, बावजूद इसके पीड़ित परिवारों की शासन ने कोई मदद नहीं की। एक माह पहले पीड़ित परिवारों ने डीएम से मुलाकात की थी, तब डीएम की ओर से आश्वासन मिला था कि पीड़ित परिवारों को पुनर्वास के लिए धन दिया जाएगा, लेकिन एक माह बाद भी कोई कार्रवाई न होने से आक्रोशित परिवारों ने बुधवार से बच्चों समेत अनशन शुरू कर दिया है।
अनशन पर बहादुर राम, गणेश सिंह, गोपाल राम, सुंदर राम और चंदा देवी के परिवार के लोग बैठे हैं। इन लोगों ने कहा कि जब तक उनको पुनर्वास के लिए राशि नहीं मिल जाती, तब तक जिला मुख्यालय से नहीं जाएंगे। आपदा पीड़ितों ने डीएम और एसपी को पहले ही आंदोलन की सूचना दे दी थी।