पिथौरागढ़ जिला अस्पताल का निरीक्षण करते डीएम, एसपी। स्रोत: सूचना विभाग
पिथौरागढ़। भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित युद्ध की स्थिति को देखते हुए डीएम विनोद गोस्वामी ने शुक्रवार को एसपी रेखा यादव के साथ जिला चिकित्सालय और नर्सिंग कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने चिकित्सालय के विभिन्न वार्ड, रिजर्व बेड, डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता, ब्लड बैंक, ऑक्सीजन आपूर्ति, आपातकालीन कक्ष सहित विद्युत, पेयजल आपूर्ति, शौचालय, पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने चिकित्सालय प्रशासन को आवश्यक दवा, उपकरण और अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों से किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया। साथ ही आपातकालीन स्थिति के दौरान अपना संपर्क लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमओ को डॉक्टर एवं अस्पताल स्टाफ की मॉकड्रिल करवाने के लिए प्लान शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को जनपद के सभी विद्यालयों में रेडक्रॉस के माध्यम से विद्यार्थियों को प्राथमिक इलाज, सीपीआर और फर्स्ट एड किट के उपयोग का अभ्यास कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नर्सिंग कॉलेज में उपलब्ध सुविधाओं और संसाधनों की जानकारी ली। इस दौरान एसपी ने आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिस बल को तैयार रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण में उनके साथ एडीएम योगेंद्र सिंह, एसडीएम सदर वैभव कांडपाल, सीएमओ एसएस नबियाल, आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेश मेहता आदि मौजूद रहे।
नैनीसैनी हवाई अड्डे पर लिया तैयारियों का जायजा
डीएम विनोद गोस्वामी ने नैनीसैनी हवाई अड्डे का दौरा कर आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए की गई तैयारियों का जायजा भी लिया। उन्होंने नियंत्रण कक्ष, चिकित्सा सुविधाएं, आपदा प्रबंधन टीम और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता का मूल्यांकन किया। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनता से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए अफवाहों पर ध्यान नहीं देने को कहा।