गणाईगंगोली में स्वच्छता कार्यक्रम में मौजूद विधायक और प्रतिनिधि
- फोटो : अमर उजाला
विधायक मीना गंगोला ने खुले में शौच से मुक्त हो चुके गणाईगंगोली तहसील के 31 ग्राम पंचायतों के प्रधानों और स्थानीय संदर्भ व्यक्तियों को सम्मानित किया।
हिमालयन ग्राम विकास समिति के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक गंगोला ने कहा हिमालयन ग्राम विकास समिति और टाटा ट्रस्ट के प्रयासों से गंगोलीहाट विकासखंड की 66 ग्राम पंचायतें खुले में शौच से मुक्ति पा चुकी हैं। हिमालयन ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि टाटा ट्रस्ट और हिमोत्थान सोसायटी के सहयोग से पिछले दो वर्ष में विकासखंड की 117 ग्राम पंचायतों में 4065 शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है। 325 शौचालय निर्माणाधीन हैं। उन्होंने बताया कि गंगोलीहाट विकासखंड में 90 प्रतिशत से अधिक परिवारों के पास शौचालय हैं। मार्च तक कुछ और ग्राम पंचायतें खुले में शौच से मुक्त हो जाएंगी। बताया कि टाटा ट्रस्ट की परियोजना मार्च में पूरी हो जाएगी।
ग्राम प्रधानों ने कहा कि टाटा ट्रस्ट की परियोजना के तहत लाभार्थियों को 3-3 हजार रुपये की सहायता मिल चुकी है। मनरेगा और स्वजल से 12000 रुपये की रकम लाभार्थियों को मिलनी थी, जो नहीं मिल पाई है। प्रधानों ने मनरेगा और स्वजल से धनराशि दिलाने की मांग की। विधायक ने जल्द धनराशि दिलाने का आश्वासन दिया। जजुट के प्रधान गिरीश जोशी ने अन्य पंचायतों के लोगों को भी शौचालय बनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की। भाजपा नेता गोकुल गंगोला, रवींद्र बनकोटी, प्रधान मोहन चंद्र जोशी आदि ने विचार रखे।