छड़नदेव से न्वाली तक 15 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य 2005 से चल रहा है लेकिन अभी सड़क का दो किलोमीटर हिस्सा बनना शेष है। अब क्षेत्र के लोगों ने 14 सितंबर को लोनिवि अस्कोट के दफ्तर में ताले ठोंकने का ऐलान कर दिया है। इस आशय का पत्र भी लोनिवि के ईई को दे दिया गया है।
न्वाली की प्रधान लीला जोशी ने बताया कि लोनिवि ने 2005 में छड़नदेव से न्वाली तक 15 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए टेंडर आमंत्रित किए और काम शुरू कराया। जैसे तैसे इन वर्षों में 13 किलोमीटर सड़क तो काट दी लेकिन दो किलोमीटर हिस्सा छोड़ दिया गया है। इस कारण लोगों को यातायात की सुविधा नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि विभाग दस वर्षों में 15 किलोमीटर सड़क का निर्माण नहीं कर पाया है, यह बेहद शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान लोगों की नाप जमीन और खेतों को काट दिया गया। उसके मुआवजे का भुगतान नहीं हो पाया है। अब लोनिवि को सड़क का काम पूरा करने और मुआवजे के भुगतान के लिए कुछ दिनों का समय दिया जा रहा है। अन्यथा 14 सितंबर को लोनिवि दफ्तर में तालाबंदी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी इलाके की जनता के साथ इस तरह का धोखा सहन नहीं किया जाएगा।