पिथौरागढ़। नगर के तीन पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म हो गया है। एकमात्र पंप पर ईंधन भराने के लिए वाहनों की भीड़ उमड़ी तो यातायात व्यवस्था भी पटरी से उतर गई। नगर की सड़कों को जाम ने घेर दिया इसमें विद्यार्थी, आदि कैलाश सहित अन्य यात्री फंसे रहे। खासकर पिथौरागढ़-टनकपुर हाईवे पर सुबह स्कूल खुलने के समय से ही ट्रैफिक जाम से बुरा हाल रहा और यह हालात दोपहर बाद तक बने रहे। यातायात पुलिस समस्या से नहीं निपट सकी।
बीते सोमवार को ही नगर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म हो गया था। मंगलवार को टनकपुर रोड पर कुमौड़ तिराहा और हनुमान मंदिर के पास स्थित पंप पर तेल मिलना शुरू हुआ तो सुबह से ही पंपों पर वाहनों का रेला बढ़ने लगा। पिथौरागढ़-टनकपुर हाईवे पर स्थित इन दो पंपों पर सुबह करीब सात बजे से वाहनों की लाइन लगने से जाग लग गया। हनुमान मंदिर, कुमौड़ तिराहा, कैंट रोड और पुलिस लाइन रोड पर जाम लगने से सैकड़ों वाहन फंस गए।
ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन जाम को खोल पाना कठिन हुआ। करीब दो घंटे तक वाहन रेंगते रहे और यात्रियों को ट्रैफिक खुलने का इंतजार करना पड़ा। बमुश्किल जाम खुला तो सभी ने राहत की सांस ली। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे फिर से हनुमान मंदिर से लेकर रोडवेज स्टेशन तक यही हालात फिर से नजर आए। दिन में कई बार लगे जाम से हर कोई परेशान रहा।
बच्चे स्कूल देर से पहुंचे, पैदल चलने को नहीं मिली जगह
मंगलवार सुबह आठ बजे से लगे जाम के कारण कई विद्यार्थी समय पर स्कूल नहीं पहुंच सके। बड़ी संख्या में स्कूल बसें भी जाम में फंसने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हुई। कक्षा 10 के छात्र दिव्यांक बोरा ने बताया कि वाहन फंसने से क्लास के कई छात्र स्कूल शुरू होने के आधे से एक घंटे बाद कक्षा में पहुंचे। बच्चों को लेने स्कूल जा रही कविता बसेड़ा ने बताया कि उनकी बेटी अन्य स्कूल में पड़ती है। जाम में फंसने से वह किसी भी बच्चे को घर लेने समय पर स्कूल नहीं पहुंच सकीं। सड़क पर वाहनों की कतार लगने से राहगीरों को पैदल चलने के लिए भी जगह नहीं मिली। ऐसे में लोग नालियों के ऊपर किसी तरह पैर टिकाकर आवाजाही करने के लिए विवश हुए।
आदि कैलाश यात्री भी फंसे
दोपहर करीब एक बजे नगर क्षेत्र में टनकपुर हाईवे पर हनुमान मंदिर से लेकर रोडवेज स्टेशन तिराहे तक फिर से भारी जाम लगा। इसमें आदि कैलाश यात्री भी फंसे रहे। राजस्थान निवासी और यूपी के काम करने वाले निर्मल सिंह अपने साथियों के साथ आदि कैलाश यात्रा के लिए बाइक से पिथौरागढ़ पहुंचे। उन्होंने कहा कि पिछले एक घंटे से उनकी बाइक जाम से बाहर नहीं निकल सकी है।
वाया टकाना गईं रोडवेज बसें
रोडवेज स्टेशन-कुमौड़-ऐंचोली सड़क पर जाम लगने के कारण रोडवेज बसों को इस रूट से गंतव्य को रवाना करना मुश्किल हुआ। ऐसे में बसों को टकाना मार्ग से एंचोली की तरफ रवाना किया गया। मैदानी क्षेत्रों से आ रहीं कई बसें भी जाम में फंसने से यात्री परेशान रहे। पीलीभीत जा रहे इंदर और मोहन सिंह ने कहा कि यातायात पुलिस और पेट्रोल पंप संचालकों को मिलकर पंपों के आसपास यातायात व्यवस्था बेहतर रखने के लिए सोचना चाहिए।